यूपी-112 की तत्परता से बची अभ्यर्थी की परीक्षा, समय रहते केंद्र पहुंचाया
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 09 Jun, 2026
- 164
परतावल (महराजगंज)। उत्तर प्रदेश पुलिस की आपातकालीन सेवा यूपी-112 ने एक बार फिर अपनी त्वरित कार्यप्रणाली और जनसेवा का परिचय दिया। पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे एक अभ्यर्थी को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाकर उसकी परीक्षा छूटने से बचा लिया।
जानकारी के अनुसार बलरामपुर जिले के श्याम विहार कॉलोनी पहलवारा निवासी अमन गुप्ता मंगलवार को पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए पंचायत इंटर कॉलेज, परतावल स्थित परीक्षा केंद्र जा रहे थे। रास्ते में विलंब होने के कारण वह निर्धारित समय से पहले केंद्र तक नहीं पहुंच पा रहे थे। दोपहर करीब 2:25 बजे परतावल चौराहे पर पहुंचने के बाद उन्हें आशंका हुई कि परीक्षा केंद्र का प्रवेश द्वार बंद हो जाएगा और उनकी परीक्षा छूट सकती है।
परेशान अभ्यर्थी ने तत्काल यूपी-112 पर सहायता मांगी। सूचना मिलते ही पीआरवी-5813 पर तैनात हेड कांस्टेबल बैरिस्टर प्रसाद एवं अन्य पुलिसकर्मी सक्रिय हुए। टीम ने अभ्यर्थी से संपर्क कर उसे वाहन में बैठाया और हूटर बजाते हुए तेजी से परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हुई।
पुलिस टीम की तत्परता का परिणाम रहा कि अमन गुप्ता को दोपहर 2:30 बजे प्रवेश द्वार बंद होने से ठीक पहले पंचायत इंटर कॉलेज, परतावल पहुंचा दिया गया। इससे वह समय पर परीक्षा में शामिल हो सके।
परीक्षा केंद्र पहुंचने के बाद अभ्यर्थी ने यूपी-112 पुलिस टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस समय पर मदद नहीं करती तो उनकी परीक्षा छूट सकती थी। वहीं, मौके पर मौजूद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी यूपी-112 की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
यूपी-112 की इस पहल ने एक बार फिर साबित किया कि आपात स्थिति में पुलिस केवल कानून-व्यवस्था ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की आवश्यक मदद के लिए भी तत्पर रहती है।


