रामग्राम के प्रमाण में उत्खनन: 198 सेंटीमीटर गहराई में मिले अलंकृत दीवार और मिट्टी के बर्तन के अवशेष
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 14 Dec, 2024
- 520
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
चौक (महराजगंज), 14 दिसंबर। ऐतिहासिक कन्हैया बाबा स्थल पर भगवान बुद्ध के आठवीं अस्थि अवशेष पर आधारित स्तूप के प्रमाण जुटाने के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की टीम का उत्खनन कार्य जारी है। शनिवार को 22वें दिन भी रामग्राम के प्रमाण के क्रम में पुरातत्व टीम ने निर्धारित टेंच में 198 सेंटीमीटर गहराई तक खुदाई की।
इस दौरान मिट्टी के बर्तनों के अवशेष, अलंकृत ईंटें और प्राचीन दीवारें मिली हैं। उत्खनन में मिली इन वस्तुओं ने पुरातत्वविदों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
दक्षिणी चौक रेंज के नाथनगर बीट स्थित कन्हैया बाबा स्थल को भगवान बुद्ध के स्तूप से जोड़ने के प्रयास में पुरातत्व टीम ने विशेष औजारों की मदद से खुदाई जारी रखी। खुदाई के दौरान हर वस्तु का दस्तावेजीकरण किया जा रहा है, जिसे भविष्य में शोध के लिए उपयोग किया जाएगा।
अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. आफताब हुसैन ने बताया कि खुदाई में मिल रही वस्तुओं और संरचनाओं के दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। इन पर गहन अध्ययन के बाद विशेषज्ञों द्वारा निर्णय लिया जाएगा, जिसे सार्वजनिक किया जाएगा।
जैसे-जैसे उत्खनन कार्य आगे बढ़ रहा है, मिट्टी के बर्तनों, ईंटों और दीवारों के अवशेष मिलने से रामग्राम के प्रमाण के लिए पुरातत्व टीम का उत्साह बढ़ता जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह स्थल ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हो सकता है।

