आकस्मिक निरीक्षण में खुली बस स्टेशन की अव्यवस्थाएं, डीएम ने लगाई फटकार

महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को महराजगंज बस स्टेशन का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बसों के संचालन व रखरखाव, कार्यालयों, विश्रामालय, साफ-सफाई व्यवस्था तथा यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति देखी।

कार्यालयों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। स्टेशन परिसर में नियमित सफाई सुनिश्चित कराने के लिए उन्होंने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी। साथ ही स्टेशन परिसर की दुकानों और कैंटीन के विधिवत संचालन तथा महिला-पुरुष प्रतीक्षालय को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बस स्टेशन से संचालित बसों की संख्या और रूट की जानकारी भी ली। बताया गया कि महराजगंज बस स्टेशन से महराजगंज डिपो की 60 बसों सहित कुल लगभग 100 बसें गोरखपुर, फरेंदा और ठूठीबारी मार्ग पर संचालित होती हैं। इस पर जिलाधिकारी ने यात्रियों की आवश्यकता के अनुरूप बस रूट निर्धारित करने का निर्देश देते हुए कहा कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

इस मौके पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com