महराजगंज जिले में स्वामित्व योजना के 5111 लाभार्थियों को घरौनी प्रमाणपत्र वितरित, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने दिया प्रमाण पत्र
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 18 Jan, 2025
- 432
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 18 जनवरी। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार मे केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने स्वामित्व योजना के तहत 74 लाभार्थियों को घरौनी प्रमाणपत्र वितरित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने आज 65 लाख संपत्ति कार्डों का वितरण कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। महराजगंज में 5111 लाभार्थियों को उनके घरौनी प्रमाणपत्र सौंपे गए।
मंत्री ने कहा कि स्वामित्व योजना गरीबों को उनके आवासों का निर्विवाद और स्पष्ट स्वामित्व अधिकार प्रदान करती है। इस योजना के माध्यम से संपत्ति की सीमाओं का सटीक सीमांकन किया जा रहा है, जिससे आपसी विवादों को रोका जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस योजना से संपत्ति मालिकों के लिए बैंकों से ऋण प्राप्त करना आसान हुआ है और घरौनी प्राप्तकर्ता स्वरोजगार कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं। इसके अलावा, सरकारी और निजी भूमि की पहचान आसान हो गई है, जिससे प्रशासन के लिए नियोजन और अतिक्रमण रोकना भी संभव हुआ है।
मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि विगत 70 वर्षों में जो कार्य नहीं हुए, उन्हें प्रधानमंत्री ने रिकॉर्ड समय में पूरा किया है। उन्होंने गरीबों को आवास, शिक्षा, भोजन और दवा जैसी बुनियादी सुविधाएं बिना भेदभाव के उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इससे पहले जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के 700 से अधिक गांवों में अब तक 1,25,278 घरौनी प्रमाणपत्र वितरित किए जा चुके हैं। शनिवार को 5111 लाभार्थियों को घरौनी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
स्वामित्व योजना के तहत दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 65 लाख संपत्ति कार्डों का वितरण किया। इस कार्यक्रम में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 50,000 से अधिक गांव शामिल हुए। कलेक्ट्रेट सभागार में इसका सीधा प्रसारण भी किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया, विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा, मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, डीएफओ निरंजन सुर्वे और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

