निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत, परिजनों का बवाल, स्वास्थ्य विभाग की निगरानी पर उठे सवाल
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 29 Dec, 2025
- 232
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के चिउरहा रोड स्थित ठाकुर जी आरोग्यम हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत का मामला सामने आने से जनपद में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतका की पहचान मनीषा उर्फ किरन यादव के रूप में हुई है, जिनका ससुराल सिंदुरिया थाना क्षेत्र के शिवपुर नंदना गांव और मायका सदर कोतवाली क्षेत्र के धनेवा धनेई में बताया जा रहा है।
(मृतक प्रसूता)
परिजनों के अनुसार प्रसूता को सुरक्षित प्रसव के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां ऑपरेशन के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति बिगड़ती देख सदर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और पुलिस बल तैनात किया गया।
बताया जा रहा है कि प्रसूता की मौत के बाद अस्पताल संचालक सहित संबंधित डॉक्टर और स्टाफ मौके से फरार हो गए, जिससे परिजनों का आक्रोश और बढ़ गया। परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। हालांकि नवजात बच्चा पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है, लेकिन महिला की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
(सड़क जाम करते लोग)
इस घटना ने एक बार फिर जिले में संचालित निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि क्या अस्पताल के पास आवश्यक पंजीकरण, मानक सुविधाएं और प्रशिक्षित चिकित्सक उपलब्ध थे? यदि समय रहते नियमित जांच होती तो क्या इस तरह की घटना रोकी जा सकती थी?
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की भूमिका को लेकर भी जांच की मांग उठने लगी है। अब देखना होगा कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इस मामले में दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।

