चकबंदी सीमांकन के पत्थर उखाड़ने का आरोप, किसानों ने डीएम से लगाई गुहार
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 30 Dec, 2025
- 43
महराजगंज। फरेंदा तहसील क्षेत्र के ग्राम नौसागर में चकबंदी के दौरान कराए गए कब्जा परिवर्तन और सीमांकन के बाद विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से पत्थर नसब उखाड़कर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में पीड़ित कृषकों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में राजेंद्र प्रसाद, रामसजीवन, रामदरश, सुरेश, राजेश, सीताराम, चौथी सहित अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम नौसागर, तप्पा लेहड़ा, परगना हवेली स्थित गाटा संख्या 1957, 1952, 1953, 1951, 1939, 1961, 1968 सहित पूरे सेक्टर की चकबंदी विभाग द्वारा पैमाइश और सीमांकन कर कब्जा परिवर्तन कराया गया था। चकबंदी प्रक्रिया के बाद सभी काश्तकार बतौर असल भूमिधर अपने-अपने चकों पर काबिज चले आ रहे हैं।
आरोप है कि इसी सेक्टर में एक व्यक्ति द्वारा अवैध तरीके से अपने चक का विस्तार (उड़ान) किया गया है। चकबंदी विभाग द्वारा सीमांकन कर स्थल पर पत्थर नसब भी कराई गई थी, लेकिन आरोपित व्यक्ति ने अपने प्रभाव और धनबल के सहारे कई लोगों को एकत्र कर खेतों के कोनों पर गड़े पत्थरों को जबरन उखाड़ कर फेंक दिया। विरोध करने पर पीड़ितों को मारपीट और मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है।
पीड़ित किसानों का कहना है कि वे साधारण कृषक हैं और उनकी आजीविका का एकमात्र साधन खेती है। आरोपित द्वारा बार-बार की जा रही अवैध हरकतों से उनकी खेती प्रभावित हो रही है, जिससे उन्हें अपूरणीय क्षति की आशंका है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, खेतों के कोनों पर पुनः पत्थर नसब कराकर मेड़बंदी कराई जाए तथा चकबंदी द्वारा की गई निशानदेही की पुष्टि करते हुए क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम की जाए। अब देखना होगा कि प्रशासन इस प्रकरण में क्या कदम उठाता है।

