मनरेगा घोटाला: भेड़िया मनरेगा पार्क घोटाले की जांच करने पहुंची टीम, बड़ी कार्रवाई की उम्मीद!
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 05 Jan, 2026
- 255
निचलौल (महराजगंज)। निचलौल ब्लॉक की भेड़िया ग्राम पंचायत में मनरेगा पार्क में कथित घोटाले की जांच सोमवार से शुरू हो गई। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर गठित जांच समिति ने गांव पहुंचकर मौके पर भौतिक सत्यापन किया और संबंधित अभिलेख तलब किए।
जांच टीम का नेतृत्व डीसी मनरेगा गौरवेंद्र सिंह ने किया। तकनीकी परीक्षण के लिए सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता मन्नू चौधरी भी टीम के साथ मौजूद रहे। टीम के गांव पहुंचने से पहले ही ग्राम प्रधान द्वारा मनरेगा पार्क की साफ-सफाई कराए जाने की चर्चा भी सामने आई।
दोपहर करीब 12 बजे टीम भेड़िया गांव पहुंची और पार्क स्थल पर कराए गए कार्यों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मनरेगा योजना से जुड़े तीन अलग-अलग एस्टीमेट और फाइलें तलब कीं, जिनमें करीब 32 लाख रुपये के भुगतान का विवरण दर्ज है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत की वह फाइल भी मंगाई गई, जिसमें 1.34 लाख रुपये मिट्टी भराई और 85 हजार रुपये मजदूरी भुगतान का उल्लेख है।
जांच के दौरान एक ही मनरेगा पार्क में समतलीकरण कार्य के लिए मनरेगा मद से 5.28 लाख रुपये खर्च किए जाने और उसी कार्य के लिए ग्राम निधि से दोबारा भुगतान किए जाने के बिंदु पर अधिकारियों ने विस्तृत पूछताछ की। यह सवाल भी प्रमुखता से उठाया गया कि क्या एक ही मजदूरों को मनरेगा और ग्राम निधि—दोनों योजनाओं के तहत मजदूरी का लाभ दिया गया। इसके अलावा ग्राम निधि की धनराशि कई किश्तों में सीधे निजी खातों में भुगतान किए जाने के आरोपों पर ग्राम सचिव से जवाब तलब किया गया और संबंधित दस्तावेज मांगे गए।
डीसी मनरेगा गौरवेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार को भौतिक सत्यापन पूरा कर लिया गया है। अब अभिलेखीय और तकनीकी जांच सहायक अभियंता मन्नू चौधरी द्वारा की जाएगी। तकनीकी परीक्षण के बाद समेकित जांच रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि भेड़िया मनरेगा पार्क में एक ही कार्य के लिए मनरेगा और ग्राम निधि से दोहरी मजदूरी व मिट्टी भुगतान के आरोप पहले से चर्चा में हैं। जांच टीम के मौके पर पहुंचने के बाद मामले में ठोस कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

