30 महीनों बाद सोनवल में नई उचित दर दुकान का चयन, नेहा भारती को जिम्मेदारी
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 04 Apr, 2026
- 143
महराजगंज। जनपद के मिठौरा विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनवल में नई उचित दर दुकान (राशन) के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। तहसील स्तरीय चयन समिति की बैठक में सर्वसम्मति से स्वयं सहायता समूह की सदस्य नेहा भारती को उचित दर विक्रेता नियुक्त किया गया है।
खण्ड विकास अधिकारी मिठौरा द्वारा प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर 23 मार्च 2026 को तहसील स्तरीय चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासनादेशों के अनुरूप प्रस्ताव पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। ग्राम सभा द्वारा चयनित विकास स्वयं सहायता समूह की ओर से नामित नेहा भारती पत्नी अभिषेक को सभी मानकों पर पात्र पाए जाने के बाद यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
मालूम हो कि विगत 30 महीनों से गांव के लोगों को राशन के लिए पांच किलोमीटर दूर परसा मीर गांव में जाना पड़ता था। जिसके लिए कई बार बैठक हुई लेकिन हर बार मामला जस का तस बना रहा। जिसको लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त था। 01 अप्रैल को करीब पांच सौ से अधिक संख्या में ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा इसी के क्रम में यह फैसला आया है। ग्रामीणों खुशी की लहर दौड़ गई है।
उपजिलाधिकारी सदर जितेन्द्र कुमार द्वारा जारी आदेश में नवनियुक्त विक्रेता को निर्देशित किया गया है कि वह संबंधित कार्यालय में उपस्थित होकर दुकान संचालन से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूर्ण करें। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति न्यायालय के किसी भी आदेश के अधीन होगी।
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक मिठौरा एवं खण्ड विकास अधिकारी को भी आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।

