नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने एसपी से लगाई गुहार
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 07 Apr, 2026
- 95
महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म के प्रयास और मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता की मां का आरोप है कि स्थानीय पुलिस से कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
महिला के अनुसार, वह अपनी छोटी बेटी के इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती थी, जबकि घर पर उसकी मझली बेटी अकेली थी। आरोप है कि चार मार्च की शाम गांव का ही एक युवक घर में घुस आया और नाबालिग के साथ अभद्रता करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
पीड़िता की मां का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने पर वह घर पहुंची और आरोपी पक्ष से शिकायत की, लेकिन वहां भी कथित रूप से गाली-गलौज और धमकी दी गई। आरोप है कि शिकायत करने पर दोबारा गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
महिला का आरोप है कि उसने चौकी और थाने में घटना की सूचना दी, लेकिन कार्रवाई के बजाय जांच का आश्वासन देकर वापस भेज दिया गया। बाद में पुलिस अधीक्षक कार्यालय और संपूर्ण समाधान दिवस में भी प्रार्थना पत्र देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़िता की मां ने पुलिस अधीक्षक से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

