फर्जी पुलिस वर्दी पहन रील बनाना युवती को पड़ा भारी, मुकदमा दर्ज हुई गिरफ्तार

महराजगंज। सोशल मीडिया पर पुलिस की वर्दी पहनकर वीडियो बनाना एक युवती को भारी पड़ गया। कोतवाली पुलिस ने फर्जी तरीके से उत्तर प्रदेश पुलिस के उप निरीक्षक की वर्दी धारण कर वीडियो अपलोड करने के आरोप में युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार लक्ष्मीपुर खास निवासी अजीजा शेख, जो वर्तमान में शहर के आजाद नगर में रह रही है, ने उप निरीक्षक की वर्दी पहनकर भोजपुरी गीत के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो वायरल होने के बाद मामला संज्ञान में आया। जांच में पता चला कि युवती किसी भी सरकारी पद पर नियुक्त नहीं है।

पुलिस का कहना है कि इस तरह के कृत्य से आमजन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है और विभाग की छवि भी प्रभावित होती है। मुख्य आरक्षी अजय कुमार पांडेय की तहरीर पर कोतवाली थाने में धारा 204 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पुलिस वर्दी या अन्य शासकीय प्रतीकों का अनधिकृत उपयोग न करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com