मां की सहमति से ही होगी अनुकंपा नियुक्ति, डीएम ने दिए निर्देश
- By UP Samachaar Plus --
- Wednesday 27 May, 2026
- 139
महराजगंज, 27 मई। तहसील निचलौल के नजारत अनुभाग में कार्यरत नियमित चपरासी स्वर्गीय नन्दलाल की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति को लेकर उत्पन्न विवाद में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संवेदनशीलता और सख्ती के साथ सुनवाई करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि नियुक्ति मृतक कर्मचारी की पत्नी की इच्छा और सहमति के अनुसार ही की जाए।
ग्राम पनेवा पनेई निवासी सोना देवी पत्नी स्वर्गीय नन्दलाल ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति का निधन दो जनवरी 2026 को हो गया था। परिवार में पांच पुत्र हैं, जिनमें दो पुत्रों का विवाह हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ा पुत्र और उसकी पत्नी उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं तथा अलग रहते हैं।
सोना देवी ने अपने तीसरे पुत्र अभिषेक कुमार गौतम को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति दिए जाने की सहमति जताई। अन्य पुत्र अविनाश कुमार, अमिताभ कुमार और आदित्य कुमार ने भी इस पर सहमति दी। प्रार्थिनी ने बताया कि उनके भरण-पोषण और देखभाल की जिम्मेदारी अभिषेक कुमार गौतम निभा रहे हैं।
सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने आरोपित पुत्र को कड़ी चेतावनी देते हुए परिवार के प्रति जिम्मेदार और मर्यादित व्यवहार अपनाने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि माता-पिता की सेवा करना सभी संतानों का कर्तव्य है और इसके बदले किसी प्रकार की अपेक्षा करना अमानवीय है। उन्होंने कहा कि माता-पिता तमाम कठिनाइयों का सामना कर बच्चों का पालन-पोषण करते हैं, ऐसे में बड़े होने पर उनके प्रति दुर्व्यवहार बेहद निंदनीय है।
जिलाधिकारी ने अतिरिक्त उपजिलाधिकारी प्रेम प्रकाश पाण्डेय को निर्देश दिया कि मृतक कर्मचारी की पत्नी की इच्छा के अनुरूप नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी कराई जाए। साथ ही पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराने के भी निर्देश दिए।


