नहर में कूदी महिला को दो छात्रों ने बचाया, एसपी करेंगे सम्मानित
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 12 Sep, 2026
- 115
महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र में नहर में कूदी एक महिला की जान कक्षा 10 के दो छात्रों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बचा ली। छात्रों के साहस और मानवीय संवेदना की पुलिस प्रशासन ने सराहना की है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी दोनों छात्रों को सार्वजनिक रूप से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे।
जानकारी के अनुसार, नहर में एक महिला के छलांग लगाने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज के कक्षा 10 के छात्र कृष्णा गुप्ता निवासी सेखुई, थाना चौक और सद्दाम हुसैन निवासी कोहडवल, थाना निचलौल ने नहर में छलांग लगा दी। दोनों छात्रों ने तेज बहाव के बीच महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार महिला की पहचान करीब 30 वर्षीय सकीना अंसारी निवासी जेहदा, थाना कोठीभार के रूप में हुई। उसका ससुराल छितौना गांव, थाना निचलौल में है। पूछताछ में पारिवारिक विवाद के चलते महिला द्वारा यह कदम उठाए जाने की जानकारी सामने आई। महिला के सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद उसके परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ घर ले गए।
पुलिस अधीक्षक ने दोनों छात्रों के साहस की सराहना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में अपनी जान की परवाह किए बिना किसी की जिंदगी बचाना अनुकरणीय कार्य है। दोनों छात्रों को सम्मानित कर अन्य लोगों को भी जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित किया जाएगा।

