
गर्ल्स इंटरमीडिएट कॉलेज में आयोजित हुआ किशोर स्वास्थ्य मंच कार्यक्रम
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 30 Sep, 2024
- 227
आनंद नगर, महाराजगंज। सोमवार को गर्ल्स इंटरमीडिएट कॉलेज में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉक्टर एम.पी. सोनकर के नेतृत्व में किशोर स्वास्थ्य मंच का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरों को स्वस्थ और स्वच्छ जीवन की ओर प्रेरित करना था।
डॉ. एम.पी. सोनकर ने बताया कि 10 से 19 वर्ष की उम्र के बच्चों के लिए किशोर स्वास्थ्य मंच एक महत्वपूर्ण पहल है। यह मंच किशोर-किशोरियों को उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान प्रदान करने वाली पहली पाठशाला है। पंपलेट्स के माध्यम से जागरूकता फैलाने और विभिन्न स्वास्थ्य मुद्दों पर जानकारी देने के लिए यह मंच अनिवार्य साबित हो रहा है।
डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ मस्तिष्क के विकास का आधार होता है। उन्होंने संतुलित आहार के महत्व पर जोर दिया, जिसमें प्रोटीन, विटामिन, मिनरल्स और कार्बोहाइड्रेट का संतुलित मात्रा में सेवन जरूरी है।
काउंसलर विनोद कुमार गुप्ता ने किशोरों को संवाद कौशल और आत्मविश्वास बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह मंच किशोरों को न केवल उनके स्वास्थ्य के बारे में जागरूक करता है, बल्कि उन्हें अपनी बात कहने और दूसरों से संवाद करने की प्रेरणा भी देता है।
इस मौके पर भाषण, निबंध और पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें अंकिता ने भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रांजल मौर्य ने दूसरा स्थान और मुस्कान ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 10 अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
विद्यालय की प्रधानाचार्य ज्योति सिंह ने इस आयोजन के लिए स्वास्थ्य विभाग और डॉक्टरों की टीम का आभार व्यक्त किया और इस तरह के आयोजनों को किशोरों के समग्र विकास के लिए आवश्यक बताया।
किशोर स्वास्थ्य मंच के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ और बेहतर जीवन के लिए प्रेरित करने का यह कदम, आने वाले समय में उनके बेहतर भविष्य की नींव साबित होगा।