आयुष्मान कार्ड निर्माण में सुस्ती पर जिलाधिकारी सख्त, जिम्मेदार अधिकारियों पर तय होगी जवाबदेही

महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त चिकित्सा अधीक्षकों के साथ आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। बीते एक माह में अपेक्षित प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आयुष्मान कार्ड निर्माण में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस संबंध में बीसीपीएम, बीपीएम एवं एमओआईसी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने जनपद में अब तक बने आयुष्मान कार्डों की स्थिति की जानकारी भी ली।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.एन. प्रसाद ने बताया कि जनपद में अब तक कुल 8,31,879 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। वहीं 01 जनवरी से 31 जनवरी के बीच मात्र 6,060 आयुष्मान कार्ड ही निर्मित हो सके हैं। जनपद में कुल 1,473 आयुष्मान आईडी हैं, जिनमें से 782 नई आयुष्मान आईडी बनाई गई हैं।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक आयुष्मान आईडी पर न्यूनतम 10 आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित निगरानी के लिए आयुष्मान सेल के गठन तथा प्रतिदिन ब्लॉकवार प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयुष्मान भारत योजना आमजन को बेहतर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. एन.एन. प्रसाद, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश द्विवेदी सहित समस्त एमओआईसी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com