जनपद में आयोजित हुआ थाना समाधान दिवस, 82 मामलों में से 10 का मौके पर निस्तारण
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 14 Dec, 2024
- 252
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 14 दिसंबर। शनिवार को जिले के सभी थानों में "थाना समाधान दिवस" का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने थाना चौक में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए निर्देश दिए।
थाना चौक पर पुलिस अधीक्षक के समक्ष कुल 6 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों में समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने जमीन संबंधी विवादों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का आदेश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि समाधान दिवस के दौरान प्राप्त सभी प्रकरणों को थाना समाधान दिवस रजिस्टर में दर्ज किया जाए।
साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि दोनों पक्षों को बुलाकर मामलों का समाधान किया जाए, ताकि फरियादियों को अलग-अलग विभागों में भटकने की आवश्यकता न पड़े। थाना समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य विवादों का त्वरित और न्यायपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है।
82 प्रकरणों में से 10 का हुआ समाधान
समाधान दिवस पर जिले भर में कुल 82 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। अन्य मामलों को समयबद्ध तरीके से हल करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने सर्किल और थानों में समाधान दिवस का आयोजन कर फरियादियों की समस्याओं को सुना।
पुलिस-राजस्व टीम की भागीदारी आवश्यक
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जमीन से जुड़े सभी प्रकरणों का निस्तारण पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त भागीदारी से किया जाना चाहिए। इससे विवादों का हल तेजी से हो सकेगा और जनता का विश्वास कायम रहेगा।

