वनटांगिया गांवों के विकास के लिए विशेष शिविर का होगा आयोजन, 15 जनवरी तक चलेंगे विशेष कार्यक्रम
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 16 Dec, 2024
- 217
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 16 दिसंबर। जनपद के वनटांगिया गांवों के विकास और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिले में 15 जनवरी 2025 तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसकी शुरुआत 18 और 19 दिसंबर को पनियरा ब्लॉक के बरहवा वनटांगिया ग्राम पंचायत भवन में होगी। यह जानकारी जिलाधिकारी अनुनय झा ने कलेक्ट्रेट सभागार में वनटांगिया ग्रामवासियों के साथ हुई बैठक में दी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शिविरों में निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन, मातृत्व बाल सेवा योजना, वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी 15 जनवरी तक जिले के सभी 18 वनटांगिया गांवों में चरणबद्ध तरीके से शिविर आयोजित किए जाएंगे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों को अपनी समस्याएं रखने का मौका दिया। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग, आंगनवाड़ी केंद्र संचालन, और राशन वितरण में आ रही परेशानियों को उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के समाधान और शिविर के दौरान ग्रामवासियों के प्रस्तावों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा), परियोजना निदेशक डीआरडीए, डीएफओ, डीपीआरओ, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी और वनटांगिया ग्रामवासी उपस्थित रहे।

