महाशिवरात्रि पर प्रशासन अलर्ट: डीएम–एसपी ने इटहिया व कटहरा शिव मंदिर का किया निरीक्षण, सुरक्षा-व्यवस्थाओं का लिया जायजा
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 12 Feb, 2026
- 46
महराजगंज। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। गुरुवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने इटहिया पंचमुखी महादेव शिव मंदिर व कटहरा शिव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने मंदिरों पर श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए भीड़ नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। मेले में सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कुल 47 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।
खानपान की दुकानों पर मूल्य एक समान रखने, खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कराने और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विद्युत तार खुले या नीचे नहीं होने चाहिए, केवल केबल तारों का प्रयोग किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। एसडीएम को निर्देश दिया गया कि मंदिर परिसर का कचरा इधर-उधर न फेंककर जैविक खाद निर्माण में उपयोग किया जाए।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने मंदिर परिसर और मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मियों को जलाभिषेक शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन में किसी भी प्रकार की चूक न हो और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर व आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल शौचालय और अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्देश दिया कि सभी कर्मचारी परिचय पत्र के साथ ड्यूटी पर तैनात रहें। कटहरा शिव मंदिर परिसर में दुकानों को सुव्यवस्थित करने और नवनिर्मित सामुदायिक शौचालय को श्रद्धालुओं के लिए तत्काल खोलने के आदेश दिए गए।
निरीक्षण के बाद दोनों अधिकारियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक व पूजन-अर्चन कर श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इटहिया शिव मंदिर में जिलाधिकारी ने ध्यान केंद्र/वाचनालय का फीता काटकर उद्घाटन किया और कहा कि यह केंद्र आध्यात्मिक रुचि रखने वालों के लिए ध्यान और अध्ययन का बेहतर स्थल बनेगा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, तहसीलदार निचलौल अमित सिंह, सीओ बलंत सिंह, बीडीओ शमा सिंह सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

