24 घंटे में बड़ी चोरी का खुलासा: शातिर चोर गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवरात व नकदी बरामद
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 12 Feb, 2026
- 116
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर शातिर चोर को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से सोने-चांदी के भारी मात्रा में जेवरात, नकदी व अन्य कीमती सामान बरामद किया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
आपको बता दे कि नगर के शिवनगर मुहल्ला निवासी विजय यादव जो चौक नगर पंचायत में तैनात हैं उनके घर रात्रि 12 बजे बंद घर को चोर ने निशाना बनाया था। विजय यादव अपने पत्नी की ईलाज के लिए बनारस गए हुए थे इसी का फायदा उठाकर चोर ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कोतवाली पुलिस चोर की तलाश में जुट गई थी।
पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कोतवाली में दर्ज चोरी के मुकदमे का सफल अनावरण करते हुए मामले में प्रकाश में आए अभियुक्त यूसुफ अली पुत्र वकील, निवासी ग्राम करमहा, थाना कोतवाली, उम्र लगभग 21 वर्ष को गुरुवार तड़के करीब 2:16 बजे उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने अभियुक्त के पास से पीली धातु (सोने )के तीन जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी बाली, मंगलसूत्र मय डोरी व लॉकेट, नथिया मय चैन, पांच अंगूठियां, लॉकेट, नाक की कील, गले की चेन व कान के टॉप्स सहित भारी मात्रा में जेवरात बरामद किए। इसके अलावा सफेद धातु (चांदी) की 12 जोड़ी पायल, एक जोड़ी पाजेब, 34 जोड़ी बिछिया, दो चांदी के सिक्के, बोट कंपनी की स्मार्ट वॉच, दो पेन ड्राइव तथा 12 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार बरामद सामान चोरी की घटना से संबंधित है। अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजा गया जहां से आवश्यक कार्यवाही के बाद आरोपी को जेल भेजा गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र जैन, उपनिरीक्षक अंकित कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रामकिशुन यादव, महिला उपनिरीक्षक निहारिका रंजन सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों ने 24 घंटे में खुलासे को सराहा है।

