मार्ग दुर्घटना में दरोगा की मौत, कई पुलिसकर्मी घायल
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 17 Feb, 2026
- 300
महराजगंज। जालसाजी के एक मामले में दबिश देकर लौट रही पुलिस टीम की स्कॉर्पियो मंगलवार तड़के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतरारी गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ, जब वाहन अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर पर चढ़ा और फिर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आना दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार रामगढ़ताल थाना की पुलिस टीम जालसाजी प्रकरण में कार्रवाई कर वापस लौट रही थी। टीम में एसएसआई रमेश चंद्र कुशवाहा, दरोगा संतोष कुमार, महिला दरोगा गीता, चालक सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल दरोगा संतोष कुमार को तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। एसएसआई रमेश चंद्र कुशवाहा और महिला दारोगा गीता की हालत भी गंभीर बनी हुई है, जबकि चालक को खतरे से बाहर बताया गया है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि टीम जालसाजी मामले में दबिश देकर लौट रही थी, इसी दौरान यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

