सड़क हादसे में कुशीनगर के दो पत्रकारों की मौत, प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज ने शोक सभा कर दी श्रद्धांजलि
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 16 Mar, 2026
- 12
महराजगंज। संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में कुशीनगर के दो पत्रकारों की मौत की सूचना पर महराजगंज के पत्रकारों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज की ओर से जिला मुख्यालय पर शोक सभा आयोजित कर दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धांजलि दी गई।
जानकारी के अनुसार खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के रसूलाबाद के पास डीसीएम और कार की टक्कर में कुशीनगर के पत्रकार धनंजय पांडेय और शम्भू मिश्रा का आकस्मिक निधन हो गया। बताया जाता है कि दोनों पत्रकार लखनऊ से कार से कुशीनगर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही महराजगंज जिले के पत्रकारों में शोक की लहर फैल गई। प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज के जिलाध्यक्ष अमित त्रिपाठी के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने कहा कि दिवंगत पत्रकार साथियों की असमय मृत्यु से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में सभी पत्रकार मृतक साथियों के परिजनों के साथ खड़े हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
शोक सभा में प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज के संरक्षक मनोज चौबे, राहुल त्रिपाठी, अमितेश त्रिपाठी, अनुज शुक्ला, प्रदीप मिश्रा, संजय जायसवाल, अंगद शर्मा, रोहित कनौजिया, किशन गुप्ता, अरुण कुमार, ओंकार नाथ वर्मा, अमृत जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

