गैस सिलेंडर किल्लत पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, एसडीएम की छापेमारी से एजेंसियों में हड़कंप
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 12 Mar, 2026
- 280
महराजगंज। जिले में गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को सदर एसडीएम जितेंद्र कुमार ने चिउटहा स्थित शिवानी गैस एजेंसियों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर जांच की। अचानक हुई इस कार्रवाई से गैस एजेंसी संचालकों में हड़कंप मच गया।
प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि आम उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जबकि कुछ स्थानों पर कालाबाजारी की आशंका जताई जा रही थी। इसी को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एजेंसी के स्टॉक, वितरण रजिस्टर और उपभोक्ताओं को दिए जा रहे सिलेंडरों का पूरा रिकॉर्ड खंगाला।
सदर एसडीएम ने बताया कि जिलाधिकारी के पास एक शिकायतकर्ता ने लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि शिवानी गैस एजेंसी के संचालक ने अपने घर में 30 से 40 भरे हुए गैस सिलेंडर रखे हैं, जबकि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहा है।
शिकायत के आधार पर प्रशासनिक टीम ने एजेंसी संचालक के घर पहुंचकर भी जांच की। हालांकि जांच के दौरान वहां केवल तीन भरे हुए सिलेंडर ही मिले, जिन्हें प्रशासन ने तत्काल कब्जे में लेकर एजेंसी के गोदाम में रखवा दिया।
छापेमारी के दौरान टीम ने एजेंसी से जुड़े दस्तावेजों की भी गहन जांच की और कई जरूरी कागजात अपने कब्जे में लिए। पूरे मामले की जांच रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को सौंप दी गई है।
एसडीएम जितेंद्र कुमार ने कहा कि गैस वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही, कालाबाजारी या नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता को समय से गैस उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

