पुलिया निर्माण से रास्ता बंद, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा 10 दिन से आवागमन ठप
- By UP Samachaar Plus --
- Wednesday 11 Mar, 2026
- 105
वैकल्पिक मार्ग न बनने पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
महराजगंज: सदर विकासखंड क्षेत्र में महराजगंज से चिउरहा रामपुर बुजुर्ग बागापार मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया के कारण पिछले करीब 10 दिनों से आवागमन बाधित है। बागापार खास के दक्षिण तरफ बन रही पुलिया के चलते सड़क बंद है, लेकिन कार्यदायी संस्था की ओर से वैकल्पिक मार्ग की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता से वैकल्पिक रास्ता बनवाने की मांग की थी। आरोप है कि अधिशासी अभियंता ने जेई को भेजकर मौके पर जांच कर रास्ते की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य तौर पर पुलिया निर्माण से पहले वैकल्पिक रास्ता बनाया जाता है, लेकिन यहां उल्टा हो रहा है। सड़क बंद होने से लोग मजबूरी में किनारे से बाइक निकालने की कोशिश करते हैं, जिसमें कई लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं।
आक्रोशित ग्रामीणों ने निर्माणाधीन पुलिया स्थल पर एकत्र होकर जल्द वैकल्पिक मार्ग बनाने की मांग की। इस दौरान उमेश चंद मिश्र, दृगपाल चौधरी, प्रभुदयाल, रमेशचंद्र गौतम, रमेश चौधरी, काशी प्रसाद, विपुल शुक्ला, दुर्गेश पांडेय, हरेंद्र (बीडीसी), रामकेवल, मोहर, पप्पू राव अंबेडकर, अनिरुद्ध राय, गणेश यादव समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द व्यवस्था नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

