पत्नी की बेवफाई से टूटा परिवार: पति ने दो मासूमों को फांसी देकर खुद भी लगाई थी फांसी, आरोपी पत्नी गिरफ्तार

महराजगंज (नौतनवा)। बीते दिनों नौतनवा थाना क्षेत्र में पत्नी के कथित अवैध संबंध और मानसिक प्रताड़ना से टूटे एक युवक ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया कि पूरा इलाका सन्न रह गया। युवक ने पहले अपने दो मासूम बच्चों को फांसी के फंदे पर लटका दिया और फिर खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जिस पर पति को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार नौतनवा थाना क्षेत्र में 8 मार्च को अमरेश ठाकुर, उसके मासूम बेटे और बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद परिवार और इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। बताया गया कि अमरेश ठाकुर की पत्नी बन्दना कुमारी, जो एसएसबी की 66वीं वाहिनी में सफाई कर्मी के पद पर तैनात है, अपने प्रेमी सोनू गौतम से पति के सामने ही बातचीत करती थी। विरोध करने पर वह पति को धमकाती भी थी। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।

पुलिस को जांच के दौरान दो वीडियो भी मिले, जिन्हें अमरेश ने आत्महत्या से पहले बनाया था। वीडियो में उसने अपनी मौत का जिम्मेदार पत्नी, उसके प्रेमी और कुछ परिजनों को ठहराया है। इतना ही नहीं, उसने कमरे की दीवार पर भी सुसाइड नोट लिखकर अपनी पीड़ा जाहिर की थी

बताया जा रहा है कि मानसिक तनाव और पारिवारिक कलह से परेशान अमरेश ने पहले अपने दोनों मासूम बच्चों को फांसी पर लटका दिया और फिर खुद भी फंदे से झूल गया। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नौतनवा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पत्नी बन्दना कुमारी (32) निवासी महमूदपुर थाना नोनहरा जनपद गाजीपुर को मंगलवार को नौतनवा गेट रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com