अफवाह से पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़, डब्बों में तेल लेने की होड़: जिला पूर्ति अधिकारी ने जारी किया निर्देश
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 06 Mar, 2026
- 180
महराजगंज। जिले में पेट्रोल और डीजल खत्म होने की अफवाह के चलते शुक्रवार देर शाम पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ उमड़ पड़ी। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के साथ-साथ डब्बों व कंटेनरों में भी तेल लेने की कोशिश करते दिखे।
दिन में ही जिले के कई पेट्रोल पंपों पर बड़ी संख्या में लोग डब्बों, बोतलों और कंटेनरों में पेट्रोल खरीदते नजर आए। जैसे-जैसे अफवाह फैलती गई, पंपों पर भीड़ बढ़ती चली गई। हालात को देखते हुए जिला पूर्ति विभाग ने देर शाम प्रेस नोट जारी कर स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया।
जिला पूर्ति अधिकारी ने निर्देश दिया कि कोई भी पेट्रोल पंप संचालक डब्बे, कंटेनर या बोतल में पेट्रोल अथवा डीजल की बिक्री नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि तेल केवल वाहनों की टंकियों में ही दिया जाए। निर्देशों का उल्लंघन करने पर संबंधित पेट्रोल पंप के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि निर्देश जारी होने के बाद भी कई जगहों पर इसका असर कम दिखाई दिया। धनेवा-धनेई स्थित प्रज्ञा फिलिंग स्टेशन पर एक व्यक्ति बाइक पर बैठकर डब्बे में पेट्रोल भरवाते नजर आया। वहीं कुछ लोग वाहन की टंकी फुल कराने के बाद पेट्रोल निकालकर बड़े डब्बों में भरते भी देखे गए।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या जिले में वास्तव में पेट्रोल-डीजल की किल्लत होने वाली है या फिर यह किसी तरह की अफवाह है। वहीं यह भी चर्चा है कि कहीं कालाबाजारी करने वालों की ओर से ऐसी स्थिति पैदा तो नहीं की जा रही। फिलहाल प्रशासन की अपील के बावजूद पेट्रोल पंपों पर भीड़ और अफवाह का दौर जारी है।

