ईद पर कड़ा पहरा: 4 जोन-19 सेक्टर में बंटा महराजगंज, 137 मोबाइल टीमें सड़कों पर
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 20 Mar, 2026
- 72
महराजगंज। ईद-उल-फितर को लेकर जिले में सुरक्षा का ऐसा घेरा तैयार किया गया है, जिसमें चूक की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी गई है। पुलिस ने पूरे जनपद को 4 जोन और 19 सेक्टर में बांटकर चप्पे-चप्पे पर निगरानी तेज कर दी है। 330 ईदगाह और 360 मस्जिदों में नमाज के मद्देनजर हर संवेदनशील स्थल पर फोर्स तैनात कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर है। 10 निरीक्षक, 26 उपनिरीक्षक, 164 हेड कांस्टेबल, 27 महिला आरक्षी, 2 प्लाटून पीएसी और 6 फायर टेंडर तैनात किए गए हैं। साथ ही 137 क्लस्टर मोबाइल टीमें लगातार गश्त कर रही हैं, ताकि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई हो सके।
नेपाल सीमा और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में खास चौकसी बरती जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पिकेट तैनात है, जबकि दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ अतिरिक्त बल रिजर्व में रखा गया है।
बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से नजर रखी जा रही है। बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग लगातार एंटी-सबोटाज चेकिंग में जुटे हैं। यूपी-112 को प्रमुख मार्गों पर सक्रिय कर रिस्पांस टाइम दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर है। भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिले में 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय है, जबकि स्वास्थ्य सेवाओं को भी अलर्ट पर रखा गया है।
प्रशासन ने साफ कहा है—अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। आमजन से अपील है कि भाईचारा बनाए रखें और शांतिपूर्वक त्योहार मनाएं।

