नेपाल में फैली बर्ड फ्लू की आशंका को लेकर महराजगंज अलर्ट, टास्क फोर्स सक्रिय
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 28 Mar, 2026
- 140
महराजगंजह। नेपाल के कुछ हिस्सों में बर्ड फ्लू के मामलों को देखते हुए जनपद प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बर्ड फ्लू को लेकर जिलास्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद में अब तक बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है और आसपास के जिलों में भी स्थिति सामान्य है। हालांकि नेपाल के छापा व मोरंग क्षेत्रों में संक्रमण के मामले मिले हैं, लेकिन सीमावर्ती जिलों नवलपरासी व रूपनदेही में स्थिति नियंत्रण में है।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर तहसील स्तर पर चार-चार त्वरित कार्यवाही दल (आरआरटी) गठित किए हैं। साथ ही कंट्रोल रूम (8765957965) स्थापित कर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक सूचना देने की व्यवस्था की गई है।
जिलाधिकारी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता, सैंपलिंग बढ़ाने और सभी पशु चिकित्सालयों में पीपीई किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कुक्कुट पालकों से अपील की कि जांच के दौरान टीम को पूरा सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध सूचना को तत्काल पशुधन विभाग को दें।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को बर्ड फ्लू के लक्षणों के व्यापक प्रचार-प्रसार और समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।

