इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ प्यार, 14 वर्षीय किशोर पर शादी कर छोड़ने का आरोप

महराजगंज। जिले के नौतनवा क्षेत्र से सोशल मीडिया से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 40 वर्षीय महिला ने 14 वर्षीय किशोर पर शादी कर साथ छोड़ने का आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और पुलिस ने मामला शांत करा दिया।

बताया जा रहा है कि महिला चार बच्चों की मां है। उसका बड़ा बेटा भी उस किशोर से करीब पांच वर्ष बड़ा बताया जा रहा है, जिससे महिला प्रेम संबंध होने का दावा कर रही थी। किशोर अपने पिता के साथ चेन्नई में रहता है।

महिला ने नौतनवा थाने में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम पर रील्स लाइक करने के दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। महिला का दावा था कि किशोर ने उससे शादी भी कर ली थी, लेकिन अब वह साथ रखने से इंकार कर रहा है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत और स्थानीय संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। दोनों ने भविष्य में एक-दूसरे से कोई संबंध या बातचीत न रखने की बात कही।

इस संबंध में नौतनवा के क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने बताया कि गोरखपुर निवासी महिला द्वारा एक प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिसमें नाबालिग पर शादी कर छोड़ने का आरोप लगाया गया था। बाद में महिला ने स्वयं कहा कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहती। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया गया।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com