बैटरी चोर गिरोह का पर्दाफाश, चोरी का माल खरीदने वाला दुकानदार भी दबोचा गया
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 28 May, 2026
- 225
महराजगंज। शहर और आसपास के इलाकों में बैटरी चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बैटरी चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने चोरी की सात बैटरियां बरामद करते हुए दो शातिर चोरों समेत चोरी का माल खरीदने वाले एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी लंबे समय से बैटरी चोरी की घटनाओं में सक्रिय थे। चोरी के बाद बैटरियों को सस्ते दामों में कबाड़ी और दुकानदारों को बेच दिया जाता था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मधुबन निवासी जितेन्द्र साहनी, शास्त्री नगर निवासी मनीष श्रीवास्तव और बरवा फाटक निवासी सलमान शामिल हैं। सलमान पर चोरी की बैटरियां खरीदने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात अदद चोरी की बैटरियां बरामद की हैं।
एसपी महराजगंज के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विनोद कुमार, धर्मेन्द्र जैन, पवन कुमार समेत कोतवाली पुलिस टीम शामिल रही।


