अमवा भैंसी के प्रदीप पटेल बने प्रदेश अध्यक्ष, 27 मतों से दर्ज की जीत
- By UP Samachaar Plus --
- Sunday 07 Jun, 2026
- 41
महराजगंज। भिटौली क्षेत्र के अमवा भैंसी गांव के रहने वाले प्रदीप कुमार पटेल ने उत्तर प्रदेश स्थानीय निधि लेखा परीक्षा राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष पद का चुनाव जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया है। वर्तमान में लखनऊ मंडल में उपनिदेशक (डिप्टी डायरेक्टर) के पद पर कार्यरत प्रदीप पटेल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं 12 वर्षों से लगातार प्रदेश अध्यक्ष रहे संयुक्त निदेशक नीरज कुमार गुप्ता को 27 मतों के अंतर से पराजित किया।
लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित संघ के प्रदेश स्तरीय चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशी मैदान में थे। चुनाव अधिकारी सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक प्रेमनाथ सिंह एवं सेवानिवृत्त उपनिदेशक वन ओझा की देखरेख में मतदान संपन्न हुआ। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर प्रदेश स्तर तक पहुंचने वाले प्रदीप पटेल की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा बनी है। उन्होंने अमवा भैंसी स्थित जीबीएस इंटर कॉलेज से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद चार वर्षों तक प्रयागराज (इलाहाबाद) में रहकर पीसीएस परीक्षा की तैयारी की। पीसीएस चयन के बाद उनकी पहली नियुक्ति गोंडा में लेखा परीक्षा विभाग में राजपत्रित अधिकारी के रूप में हुई।
सेवा के दौरान उन्होंने गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर और गोरखपुर सहित विभिन्न जनपदों में जिम्मेदारियां निभाईं। अपने कार्यकुशलता और प्रशासनिक अनुभव के बल पर वे पदोन्नति पाकर वर्तमान में लखनऊ में उपनिदेशक के पद पर कार्यरत हैं।
चुनाव में महासचिव पद पर अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने 14 मतों से जीत दर्ज की। वहीं सर्वसम्मति से द्विजेंद्र लाल को संयुक्त सचिव, तालिब को कोषाध्यक्ष, दिव्या जैन को ऑडिटर तथा संजय वैश्य, राकेश, उमेश, अभय, जय गोविंद, ऋषभ, आशीष वाष्र्णेय, सुधीर, जूही, संजय भारती और सीमा चंद्रवंशी को सदस्य मनोनीत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विभागीय निदेशक अनिल कुमार सोनी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को माल्यार्पण कर प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद प्रदीप पटेल ने कहा कि संगठन के सदस्यों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के हितों की रक्षा तथा संगठन को और मजबूत बनाने का भरोसा दिलाया।


