नेपाल भागने की फिराक में पकड़ा गया अमेरिकी नागरिक, वीजा अवधि खत्म होने के बाद भारत में छिप कर रहने का पुलिस ने किया खुलासा
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 30 May, 2026
- 25
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में फरेंदा पुलिस ने एक अमेरिकी नागरिक को अवैध रूप से सीमा पार करने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी वीजा नियमों का उल्लंघन कर निर्धारित अवधि से अधिक समय तक भारत में रह रहा था और अब नेपाल के रास्ते अमेरिका भागने की तैयारी में था।
पुलिस के अनुसार शनिवार को थाना फरेंदा क्षेत्र के छतरी पुल के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध विदेशी नागरिक को रोककर पूछताछ की गई। जांच में उसकी पहचान फेलन ट्रैविस एंथनी निवासी मिसौरी, संयुक्त राज्य अमेरिका के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी का वीजा जून 2025 से वर्ष 2030 तक वैध है, लेकिन नियमों के अनुसार वह एक कैलेंडर वर्ष में अधिकतम 180 दिन ही भारत में रह सकता था। वह अगस्त 2025 में भारत आया था और उसकी निर्धारित अवधि 2 फरवरी 2026 को समाप्त हो चुकी थी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि फरवरी माह में फूड प्वाइजनिंग होने के बाद वह हैदराबाद एयरपोर्ट से अमेरिका लौटने पहुंचा था। वहां जांच के दौरान पता चला कि वह तय अवधि से आठ दिन अधिक भारत में रह चुका है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने उस पर जुर्माना लगाए जाने की जानकारी दी थी।
बताया गया कि आरोपी ने जुर्माना भरने के लिए हैदराबाद स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास से संपर्क किया था। दूतावास की ओर से उसे ऋण देकर अमेरिका लौटने की पेशकश की गई थी, लेकिन उसने ऋण चुकाने में असमर्थता जताई। इसके बाद वह कानूनी कार्रवाई और जुर्माने से बचने के लिए हैदराबाद में ही छिपकर रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक बाद में वह महराजगंज बॉर्डर के रास्ते नेपाल में अवैध प्रवेश कर वहां से अमेरिका जाने की योजना बना रहा था। इसी दौरान फरेंदा पुलिस ने उसे छतरी पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
थाना फरेंदा में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 144/2026 के तहत धारा 23 आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम 2025 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


