दुग्ध उत्पादों की जांच तेज, दो दिनों में 10 नमूने जांच को भेजे गए
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 19 Jun, 2026
- 41
महराजगंज। जनपद में चल रहे दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों के विशेष जांच अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने संग्रहित किए। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ, जिलाधिकारी महराजगंज तथा प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य) के.के. उपाध्याय के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शुक्रवार को महराजगंज स्थित होटल ले ग्रैंड का निरीक्षण कर पनीर एवं दही का नमूना लिया। इसके अलावा श्यामदेउरना स्थित जायसवाल स्वीट्स से खोया तथा यादव डेयरी से पनीर का नमूना संग्रहित किया गया। धर्मपुर भिटौली में उमेश किराना स्टोर का निरीक्षण कर नैरिस ब्रांड घी का नमूना जांच के लिए लिया गया।
वहीं 18 जून को आनंदनगर (फरेंदा) स्थित सिद्धि विनायक स्वीट्स से पनीर एवं खोया, यादव डेयरी से पनीर एवं गाय के दूध का नमूना लिया गया था। इसके साथ ही महराजगंज-फरेंदा रोड स्थित न्यू पवन स्वीट्स से पनीर का नमूना संग्रहित किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार दो दिनों के अभियान में कुल 10 नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह, हिमांशु जयंत एवं पवन गौड़ शामिल रहे। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


