महराजगंज- निचलौल मार्ग पर डंपर से टकराई बाइक, बाइक सवार चार युवकों की मौत

दमकी गांव में भारत गैस एजेंसी के सामने हुआ हादसा, सभी मृतक पचमा गांव के निवासी; एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

निचलौल। निचलौल-महराजगंज मार्ग पर मंगलवार को दमकी गांव स्थित भारत गैस एजेंसी के सामने दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार चार युवकों की मौत हो गई। बाइक और डंपर की आमने-सामने टक्कर में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को दोपहिया वाहन संख्या UP56BK6880 महराजगंज से निचलौल की ओर जा रहा था। इसी दौरान निचलौल की तरफ से महराजगंज की ओर जा रहे डंपर संख्या UP53JT5551 से दमकी गांव स्थित भारत गैस एजेंसी के सामने दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में सनी पुत्र रामकेयस, विवेक पुत्र संतोष, किशन पुत्र रामकेयस और शिव पुत्र संतोष, सभी उम्र करीब 18 वर्ष, निवासी ग्राम पचमा, थाना निचलौल, घायल हो गए। सूचना मिलते ही निचलौल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए सीएचसी निचलौल भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

डंपर पुलिस ने कब्जे में लिया

हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को मौके से कब्जे में लेकर जब्त कर लिया। चारों मृतकों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस महराजगंज भेज दिए।

एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

चार युवकों की मौत की सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक महराजगंज स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर घटना के संबंध में जानकारी ली और संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।

एक साथ चार युवकों की मौत से पचमा गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के स्वजन और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com