34 बोरी अवैध कद्दू बीज के साथ तस्कर गिरफ्तार, पिकअप भी जब्त
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 11 Aug, 2026
- 70
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे निचलौल क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना निचलौल पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 34 बोरी अवैध कद्दू बीज के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन भी कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को रेगहिया बाजार के पास संयुक्त चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से तृतीय देश का 34 बोरी कद्दू बीज बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 1360 किलोग्राम बताया गया है। इसके बाद वाहन चालक को हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय चौधरी (33) पुत्र जिउत चौधरी, निवासी लक्ष्मीपुर, थाना ठूठीबारी, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। बरामद पिकअप का पंजीकरण नंबर UP 56 AT 1524 है।
पुलिस ने बताया कि मामले में कस्टम अधिनियम की धारा 111 के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी, बरामद कद्दू बीज और वाहन को अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय निचलौल भेजा जा रहा है।


