रोडवेज बसों में फायर सेफ्टी की जांच, तीन बसों का चालान
- By UP Samachaar Plus --
- Wednesday 24 Jun, 2026
- 107
महराजगंज। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बुधवार को रोडवेज बस स्टैंड पर यातायात पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान एआरएम रोडवेज की मौजूदगी में बसों के फायर एग्जिट, फायर सिलेंडर किट तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान बस चालकों एवं परिचालकों को निर्देशित किया गया कि सभी बसों में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रहें तथा इमरजेंसी एग्जिट विंडो पूरी तरह कार्यशील स्थिति में हो। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन करने से किसी भी आपातकालीन दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों की जान बचाई जा सकती है।
अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर तीन रोडवेज बसों का चालान किया गया। संबंधित बसों पर कुल छह हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। यातायात पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


