बीडीओ की गोद ली गई स्कूल में शिक्षकों की लापरवाही, तीन बिना अवकाश अनुपस्थित का आरोप!
- By UP Samachaar Plus --
- Wednesday 08 Jul, 2026
- 17
महराजगंज। मिठौरा विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय (द्वितीय) सेखुई में शिक्षकों की लापरवाही सामने आई है। खंड विकास अधिकारी द्वारा गोद लिए गए इस विद्यालय के निरीक्षण के दौरान तीन शिक्षक बिना किसी स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित मिले, जबकि परिसर में कुछ बच्चे पढ़ाई के बजाय खेलते नजर आए।
मंगलवार सुबह करीब 9:50 बजे विद्यालय का जायजा लेने पर परिसर में कुछ बच्चे प्लास्टिक की बाल्टी पर लकड़ी से थाप देकर खेलते दिखे, जबकि एक कक्षा में छात्र-छात्राएं बिना निगरानी के शोर-शराबा करते मिले। वहीं प्रधानाध्यापक संतोष मिश्रा विद्यालय में मौजूद थे और कार्यालय संबंधी कार्य कर रहे थे।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में कुल 65 छात्र-छात्राओं का नामांकन है, जिनमें मंगलवार को 43 बच्चे उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि विद्यालय में उनके अलावा सहायक अध्यापक राजकुमार यादव, आनंद सिंह तथा शिक्षामित्र चंद्र प्रकाश मिश्र तैनात हैं। हालांकि पड़ताल के दौरान तीनों बिना किसी अवकाश स्वीकृति के अनुपस्थित पाए गए। उपस्थिति पंजिका में भी उनके अवकाश का कोई उल्लेख नहीं मिला।
ग्रामीणों ने नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर बताया कि विद्यालय में शिक्षकों की अनुपस्थिति कोई नई बात नहीं है। उनका आरोप है कि कई बार शिक्षक बिना सूचना के विद्यालय नहीं आते, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। ग्रामीणों का कहना है कि पर्याप्त स्टाफ होने के बावजूद शिक्षा व्यवस्था अपेक्षित स्तर की नहीं है और यही वजह है कि विद्यालय में छात्र संख्या लगातार कम हो रही है।
उल्लेखनीय है कि यह विद्यालय मिठौरा के खंड विकास अधिकारी राहुल सागर द्वारा गोद लिया गया है। विद्यालय में शौचालय, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन शिक्षकों की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी आनंद मिश्रा ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि शिक्षक बिना अनुमति के अनुपस्थित पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


