शटर का ताला तोड़कर 20 हजार नकदी समेत जरूरी कागजात चोरी

सिंदुरिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के मुंडेरा कलां गांव में निचलौल रोड स्थित साहू ट्रेडर्स की गिट्टी-बालू की दुकान को शुक्रवार देर रात चोरों ने निशाना बनाया। शटर का ताला तोड़कर चोर करीब 20 हजार रुपये नकद, फर्राटा पंखा, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और दुकान से संबंधित जरूरी कागजात चोरी कर ले गए।

बताया जा रहा है कि चोरों ने वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। दुकान में घुसने से पहले चोरों ने बाहर लगी लाइट तोड़ दी। इसके बाद दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही उसकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने वाला डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

शनिवार सुबह दुकान संचालक संजय गुप्ता दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर नकदी समेत अन्य सामान और जरूरी कागजात गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और तहरीर देकर घटना का खुलासा करने की मांग की।

चोरी की घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरी की घटना का पर्दाफाश करने की मांग की है।

थानाध्यक्ष निर्भय सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com