महराजगंज के लाल पुष्पेंद्र कुमार पटेल का यूपी पुलिस में एएसआई लिपिक पद पर चयन
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 22 Sep, 2026
- 52
लगातार सफलता हासिल कर क्षेत्र का बढ़ाया मान, परिवार में खुशी का माहौल
महराजगंज। जनपद के होनहार युवा पुष्पेंद्र कुमार पटेल ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर एक और उपलब्धि हासिल की ।ऋषिकेश पटेल के सुपुत्र पुष्पेंद्र कुमार पटेल का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI-लिपिक) के पद पर हुआ है। उनकी सफलता की जानकारी मिलते ही स्वजन, मित्रों और क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
पुष्पेंद्र कुमार पटेल पहले से ही पुलिस सेवा में कार्यरत हैं। सेवा के साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी। निरंतर परिश्रम और आगे बढ़ने की ललक के चलते उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अब यूपी पुलिस में एएसआई (लिपिक) पद पर चयन को उनकी मेहनत और दृढ़ संकल्प की एक और बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पुष्पेंद्र की सफलता पर स्वजन, मित्रों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई दी। लोगों ने कहा कि उन्होंने नौकरी के साथ पढ़ाई जारी रखकर युवाओं के सामने मेहनत और लगन का उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनकी उपलब्धि से परिवार के साथ क्षेत्र का भी गौरव बढ़ा है।
परिजनों ने पुष्पेंद्र की सफलता का श्रेय उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दिया। शुभचिंतकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।

