खाद की कालाबाजारी और जबरन टैगिंग पर प्रशासन सख्त, डीएम का इफको केंद्र का औचक निरीक्षण
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 19 Nov, 2026
- 95
महराजगंज, 19 नवंबर। किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने और उर्वरक बिक्री में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन के निर्देश पर गुरुवार को पिपरदेउरा स्थित इफको किसान सेवा केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद की उपलब्धता, स्टॉक और बिक्री रजिस्टर की जांच की गई। साथ ही किसानों से फोन पर बातचीत कर निर्धारित मूल्य पर खाद मिलने की हकीकत भी परखी गई।
निरीक्षण के दौरान केंद्र खुला मिला और किसानों को खाद का वितरण किया जा रहा था। केंद्र पर बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे। पॉश मशीन में दर्ज स्टॉक के अनुसार गोदाम में 45.405 मीट्रिक टन यूरिया, 11 मीट्रिक टन डीएपी और 20.95 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध मिला। अधिकारियों ने स्टॉक और बिक्री रजिस्टर का मिलान कर वितरण व्यवस्था की जांच की।
फोन पर किसानों से लिया खाद बिक्री का फीडबैक
खाद निर्धारित मूल्य पर बेची जा रही है या नहीं, इसकी पड़ताल के लिए जिलाधिकारी ने दो किसानों से मोबाइल फोन पर रैंडम आधार पर बातचीत की। ग्राम दरहटा निवासी रामशंकर ने बताया कि उन्होंने 18 नवंबर को दो बोरी यूरिया और तीन बोरी डीएपी खरीदी थी। वहीं, ग्राम रूदौली भावचक निवासी पुरुषोत्तम वर्मा ने बताया कि उन्होंने 19 नवंबर को दो बोरी यूरिया और दो बोरी डीएपी निर्धारित मूल्य पर प्राप्त की। दोनों किसानों ने खाद निर्धारित दर पर मिलने की पुष्टि की। मौके पर मौजूद अन्य किसानों से भी खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली गई।
सुबह नौ से शाम छह बजे तक खुलेगा केंद्र
निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी आदित्य पाण्डेय को निर्देश दिया गया कि केंद्र प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक अनिवार्य रूप से खुला रखा जाए। यूरिया, डीएपी सहित सभी प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने को कहा गया, जिससे किसानों को खाद के लिए भटकना न पड़े। साथ ही किसानों को डीएपी के विकल्प के रूप में एनपीके उर्वरकों के संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
खाद के साथ दूसरे उत्पाद की जबरन टैगिंग पर रोक
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यूरिया और डीएपी के साथ किसी भी अन्य उत्पाद की जबरन टैगिंग कर किसानों को बिक्री नहीं की जाएगी। प्रत्येक किसान को फार्मर रजिस्ट्री और खतौनी के आधार पर नियमानुसार निर्धारित मात्रा में ही खाद उपलब्ध कराई जाए। बिक्री निर्धारित मूल्य पर सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि उर्वरक वितरण में किसी भी तरह की अनियमितता या किसानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के समय जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी और केंद्र प्रभारी आदित्य पाण्डेय मौजूद रहे।


