नवागत डीएम के औचक निरीक्षण में 18 अधिकारी-कर्मचारी मिले गायब, सभी को स्पष्टीकरण जारी
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 17 Nov, 2026
- 304
महराजगंज। कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को नवागत जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन के औचक निरीक्षण से कई कार्यालयों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति जांची गई तो कई जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय से नदारद मिले। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दे दिया।
जिलाधिकारी ने खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय, जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय, नजारत, संयुक्त कार्यालय, भूलेख कार्यालय और कोषागार समेत विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी, खनन अधिकारी अजीत कुमार, नाजिर वेद प्रकाश, सहायक सांख्यिकी अधिकारी (भूलेख) भूपेंद्र गुप्ता तथा डूडा कार्यालय के सीएलटीसी कृष्णमुनि और जनार्दन गुप्ता अनुपस्थित मिले।
इसके अलावा आपदा विशेषज्ञ चंदन कुमार, प्रधान सहायक दीपक कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ सहायक राजाराम चौधरी, मनोज धर दूबे और घनश्याम वर्मा, लेखपाल राम आशीष तथा भूलेख कार्यालय की चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हेमंती देवी भी कार्यालय में मौजूद नहीं मिलीं। जिलाधिकारी ने इसे कार्य के प्रति लापरवाही मानते हुए सभी से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
अभिलेखों के रखरखाव पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अभिलेखागार भी पहुंचे। यहां अभिलेखों का रखरखाव और उन्हें व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को सभी अभिलेखों को सुव्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभिलेखों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने तथा पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन की शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार और अतिरिक्त उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


