महराजगंज बना प्रदेश में विकास और राजस्व योजनाओं का शीर्ष जनपद, लगातार दूसरी बार हासिल की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रथम स्थान

महराजगंज 

महाराजगंज। उत्तर प्रदेश के जनपद महाराजगंज ने एक बार फिर प्रदेश के अन्य जिलों के सामने मिसाल कायम की है। विकास और राजस्व योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए अगस्त माह में जारी की गई सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में महाराजगंज ने प्रदेश में लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है।

जिलाधिकारी अनुनय झा ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता जिले के सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान पर बने रहना जिले के लिए एक विशेष उपलब्धि है, लेकिन हमें इस पर संतुष्ट नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अभी और बेहतर करने के प्रयास जारी रखें, क्योंकि शीर्ष स्थान पर बने रहना अधिक श्रमसाध्य होता है।

जिलाधिकारी ने जोर देते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और इस मंशा के अनुरूप ही जिला प्रशासन को कार्य करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिले के अधिकारी और कर्मचारी इस उत्कृष्ट प्रदर्शन को आगे भी बरकरार रखेंगे। उन्होंने विशेष रूप से उन योजनाओं पर ध्यान देने की जरूरत बताई, जिनमें अपेक्षित प्रदर्शन नहीं हो पाया है।

मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन ने कहा कि यह जिले की लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त करने की सफलता है। उन्होंने इसे जिलाधिकारी के कुशल निर्देशन और सभी के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। अनुराज जैन ने इस सफलता को बनाए रखने के लिए और भी अधिक परिश्रम की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हर योजना और परियोजना की गहन समीक्षा और कार्य स्थल पर निरीक्षण जरूरी है ताकि हमारी मेहनत रंग ला सके।

 

अपर जिलाधिकारी डॉ पंकज कुमार वर्मा ने भी सभी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह प्रदर्शन जिलाधिकारी के नेतृत्व और सभी के सामूहिक प्रयास का प्रतिफल है। 

गौरतलब है कि विकास विभाग द्वारा संचालित 53 योजनाओं और राजस्व विभाग द्वारा संचालित 26 योजनाओं में महाराजगंज को ए+ ग्रेड प्राप्त हुआ है। जिलाधिकारी द्वारा इन योजनाओं की खुद समीक्षा की जाती है, जबकि मुख्य विकास अधिकारी और अपर जिलाधिकारी द्वारा भी अलग-अलग योजनाओं की गहन समीक्षा की जाती है। इस प्रभावी कार्यप्रणाली और सही समय पर डेटा फीडिंग की वजह से जिले की रैंकिंग में लगातार सुधार हुआ है।

 

महाराजगंज की यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल जिले के प्रशासनिक दक्षता का प्रमाण है, बल्कि यह साबित करता है कि कठिन परिश्रम और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com