इज्जत के नाम पर खून! बहन को प्रेमी संग देख भाई बने जल्लाद, बेरहमी से हत्या कर शव जलाया

महराजगंज। महराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र के एक गांव से सनसनी खेज मामला सामने आया है जिसको ऑनर किलिंग के रूप में देखा जा रहा है। एक युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार यह मामला पारिवारिक ‘इज्जत’ से जुड़ा हुआ है, जिसमें युवती को उसके भाइयों ने प्रेम संबंध के चलते मौत के घाट उतार दिया।

पनियरा पुलिस ने पहले से दर्ज मुकदमा संख्या 117/2026 में विवेचना के दौरान कई गंभीर धाराएं बढ़ाई हैं। पुलिस के मुताबिक, 16 अप्रैल की रात गांव निवासी रवि कुमार गुप्ता अपनी प्रेमिका 19 वर्षीय युवती संगीता से मिलने उसके घर गया था। दोनों के बीच पिछले कुछ वर्षों से प्रेम संबंध थे।

सूत्रों के मुताबिक, मृतका और युवक के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। घटना की रात परिजन शादी में गए थे, जिसका फायदा उठाकर युवती ने प्रेमी को घर बुलाया। देर रात भाई कमलेश अपनी मां के साथ घर लौटा और बहन को युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इस पर उसने अपने भाई अमलेश व एक अन्य नाबालिग को मौके पर बुला लिया। तीनों ने मिलकर युवक और युवती को कमरे में बंद कर मोटरसाइकिल की शॉकर रॉड से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

मारपीट इतनी गंभीर थी कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला। घायल युवक की हालत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां से घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंची।

पुलिस जांच में सामने आया कि 17 अप्रैल की सुबह तीनों भाइयों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से युवती के शव को पिकअप वाहन (संख्या UP57AT6566) में लादकर गोरखपुर जनपद के सहजनवा थाना क्षेत्र स्थित सिसई घाट ले जाकर गुप्त रूप से जला दिया।

मामले में थाना पनियरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कमलेश (25 वर्ष) और उसके भाई अमलेश (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक 15 वर्षीय नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल का शॉकर रॉड भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, पहले इस मामले में मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन जांच के दौरान हत्या, साक्ष्य छिपाने और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले कर पूछ ताछ की जा रही है साथ ही एक नाबालिक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। हत्या, साक्ष्य छिपाने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। ‘इज्जत’ के नाम पर हुई इस वारदात ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है। जिसने लोगों के रूह को झकझोर कर रख दिया है।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com