फर्जी आधार से लोन दिलाने का झांसा, 10 हजार का इनामिया आरोपी गिरफ्तार

महराजगंज। जनपद में धोखाधड़ी के मामलों पर अंकुश लगाने के तहत पुरन्दरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फर्जी आधार कार्ड बनाकर लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले वांछित/इनामिया अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, थाना पुरन्दरपुर में 15 अक्टूबर 2024 को धोखाधड़ी से संबंधित मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें अभियुक्त विश्व दमन पुत्र ब्रह्मदेव निवासी भैसहवा ढोढरा, थाना खोराबार, जनपद गोरखपुर नामजद था। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था। न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा उस पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

सोमवार को गठित पुलिस टीम ने कुशीनगर जनपद के हाटा बाजार क्षेत्र में दबिश देकर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोगों को लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने की बात स्वीकार की है।

गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर दिया गया है, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक सर्वदेव खरवार और कांस्टेबल इमरान अहमद की अहम भूमिका रही।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com