महिला कल्याण योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण: राज्य महिला आयोग की सदस्य जनक नंदिनी का महराजगंज दौरा

मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा 

UP Samachar Plus 

महराजगंज। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य जनक नंदिनी ने जिले का दौरा कर महिला कल्याण से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उनका स्वागत जिला प्रोबेशन अधिकारी शांत प्रकाश द्वारा अतिथि भवन, सिंचाई विभाग में किया गया। इसके बाद उन्होंने विकास भवन सभागार में "उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना" के तहत आयोजित जागरूकता शिविर में भाग लिया और महिला जनसुनवाई की अध्यक्षता की।

जनसुनवाई के दौरान कुल 30 प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 13 मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया। शेष मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। सुनवाई में मुख्य रूप से घरेलू हिंसा, विधवा पेंशन, पारिवारिक लाभ योजना, आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड से जुड़े मामले सामने आए। सदस्य महोदया ने अधिकारियों को इन मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए और आश्वस्त किया कि सरकार महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

महिला आयोग सदस्य ने मिशन शक्ति सहित महिला उत्पीड़न रोकथाम और त्वरित न्याय दिलाने के लिए चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और उनके व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया। जिला प्रोबेशन अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव ने उपस्थित महिलाओं को योजनाओं की जानकारी दी और आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा।

इस अवसर पर स्वास्थ्य, पुलिस, समाज कल्याण, पंचायती राज और वन स्टॉप सेंटर के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रियंका सिंह काउंसलर ने जनसुनवाई का संचालन किया।

जनसुनवाई के बाद, जनक नंदिनी ने वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने पीड़िताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा, उन्होंने महिला बंदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश जेल प्रशासन को दिए और उन्हें फल व मिठाई वितरित कीं।

अंत में, उन्होंने ने कस्तूरबा विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने बच्चों से मुलाकात कर उनके हालचाल जाने और बेहतर सुविधाएँ प्रदान करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने महिला कल्याण योजनाओं की प्रगति और समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com