विवेचना में लापरवाही पर एसपी की बड़ी कार्रवाई, उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश त्रिपाठी निलंबित
- By UP Samachaar Plus --
- Tuesday 03 Nov, 2026
- 110
90 दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी पूरी नहीं की साक्ष्य संकलन की कार्रवाई, लंबित रखी विवेचना
महराजगंज। पुलिस विभाग में विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सख्त रुख अपनाया है। विवेचना में लापरवाही और कर्तव्यों के प्रति उदासीनता बरतने के आरोप में थाना सिंदुरिया में तैनात उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना सिंदुरिया में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 166/2026, धारा 137(2) बीएनएस की विवेचना के दौरान 90 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आवश्यक साक्ष्यों का संकलन पूरा नहीं किया गया। इतना ही नहीं, मामले का निस्तारण भी लंबित रखा गया।
इस मामले में क्षेत्राधिकारी सदर की ओर से भेजी गई रिपोर्ट में विवेचक की कार्यप्रणाली में गंभीर लापरवाही और शिथिलता सामने आई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने उपनिरीक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस कार्यों और विवेचनाओं में लापरवाही, उदासीनता अथवा कर्तव्यों के निर्वहन में शिथिलता बरतने वाले पुलिसकर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

