दीपावली और छठ पर्व पर शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने की पीस कमेटी बैठक
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 28 Oct, 2024
- 151
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 28 अक्टूबर – आगामी दीपावली, धनतेरस और छठ पूजा के मद्देनजर जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने थाना कोठीभार में विभिन्न समुदायों के साथ पीस कमेटी की बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि महराजगंज जिले का इतिहास पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का रहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि आयोजक डीजे और जुलूस के दौरान सभी नियमों का पालन करें, खासतौर पर डीजे पर आपत्तिजनक गानों का सख्त निषेध होगा। उन्होंने यह भी कहा कि पटाखों का भंडारण और बिक्री रिहायशी क्षेत्रों में न की जाए। यदि प्रशासनिक निर्देशों का उल्लंघन किया गया तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा के लिए घाटों की मरम्मत और साफ-सफाई समय पर पूरी कर ली जाए। इसके साथ ही बाजारों में सीसीटीवी कैमरे और पीए सिस्टम लगवाने का भी निर्देश दिया। सभी एसडीएम और सीओ को संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने को कहा गया है।
पुलिस अधीक्षक ने भी बैठक में दोनों पक्षों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने से बचें और ऐसी किसी भी खबर का शिकार न बनें। सोशल मीडिया पर पुलिस की कड़ी नजर है, और भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित करें और डीजे की ध्वनि सीमा का सख्ती से पालन करवाएं।
बैठक में दोनों समुदायों के प्रबुद्ध नागरिकों ने आश्वासन दिया कि वे सभी पर्वों को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाएंगे। इस अवसर पर एसडीएम निचलौल शैलेंद्र गौतम और अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

