जिलाधिकारी ने समाधान दिवस पर सुनीं जनता समस्याएं, शैक्षणिक लापरवाही में शिक्षामित्र का वेतन रोकने का आदेश

 मुख्य संपादक- ओंकार नाथ वर्मा 

 Up Samachar Plus

महराजगंज, 4 नवंबर: जिलाधिकारी अनुनय झा ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील सदर में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के साथ जनसुनवाई कर लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान कुल 41 मामले जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत हुए, जिनमें से दो मामलों का निस्तारण मौके पर ही किया गया। शेष मामलों को जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार और निर्धारित समय-सीमा में समाधान करने का निर्देश दिया।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में आए मामलों की जांच और निस्तारण में जिलाधिकारी ने सख्ती दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही सत्यापन कराया। तत्काल निस्तारण योग्य प्रकरणों को बिना देरी के वहीं हल करने का निर्देश भी दिया। कार्यक्रम के दौरान मंगलापुर ग्राम में एक शिक्षा मित्र के अनियमित उपस्थिति और अपने शैक्षणिक कर्तव्यों में लापरवाही बरतने की शिकायत भी प्राप्त हुई। इस पर जिलाधिकारी ने बीएसए को निर्देश दिया कि आरोपी शिक्षा मित्र के एक माह के वेतन को रोकने की कार्रवाई की जाए और मामले की जांच की जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त हर शिकायत का गंभीरता से निस्तारण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि सामान्य प्रकरणों को 48 घंटे के भीतर हल करें और भूमि विवाद जैसे जटिल मामलों के समाधान के लिए राजस्व, पुलिस और संबंधित विभाग की संयुक्त टीम बनाकर कार्यवाही की जाए।

इस समाधान दिवस में दर्ज शिकायतों में 19 मामले राजस्व से, 3 विकास से, 17 पुलिस से, और 2 समाज कल्याण से संबंधित थे। जिलाधिकारी ने इन सभी मामलों के निपटारे को लेकर अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि वे समय पर शिकायतों का निपटारा सुनिश्चित करें, जिससे लोगों की समस्याओं का जल्दी समाधान हो सके।

इस अवसर पर एसडीएम सदर रमेश कुमार, सीओ सदर आभा सिंह, तहसीलदार पंकज शाही, सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला, डीडीओ करुणाकर अदीब सहित विभिन्न जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

 


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com