जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार महराजगंज का किया मासिक निरीक्षण
- By UP Samachaar Plus --
- Wednesday 27 Nov, 2024
- 205
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 27 नवंबर। जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने मंगलवार को जिला कारागार महराजगंज का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने जेल की व्यवस्थाओं, सुरक्षा उपायों और बंदियों की सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सामान्य बैरक, अल्पवयस्क बैरक और पाकशाला का जायजा लिया। साथ ही जेल परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। बंदियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए जेल अधीक्षक श्री प्रभात सिंह को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बंदियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बंदियों के सामानों की जांच भी कराई और जेल में अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने जेल परिसर में निर्माणाधीन हाई सिक्योरिटी बैरक का निरीक्षण किया और निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। जेल अधीक्षक ने बताया कि कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल द्वारा दिसंबर के अंत तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इस पर पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के दौरान आने-जाने वाले व्यक्तियों की कड़ी जांच और प्रयुक्त उपकरणों का सटीक विवरण रखा जाए।
जेल की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई को देखकर दोनों अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक प्रभात सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जेल की सुरक्षा और बंदियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

