पीसीएस परीक्षा-2024: निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए डीएम ने अधिकारियों साथ की बैठक, दिए दिशा निर्देश
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 16 Dec, 2024
- 210
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 16 दिसंबर। लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस परीक्षा-2024 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने कलक्ट्रेट सभागार में बैठक की। इस बैठक में सेक्टर, स्टैटिक और जोनल मजिस्ट्रेट समेत परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों को तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा कि आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र के अंदर प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश को पूरी तरह रोका जाए। साथ ही, सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रखें और प्रत्येक केंद्र पर सीटिंग प्लान बोर्ड पर स्पष्ट रूप से चस्पा करें। परीक्षा के दौरान स्कूल का वाई-फाई बंद रखने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही, पार्किंग और मेडिकल सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज कुमार वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

