अपने ही मां की हत्या करने वाला आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल, जानिए क्या है पूरा मामला ?
- By UP Samachaar Plus --
- Saturday 21 Dec, 2024
- 302
बृजमनगंज (महराजगंज) 21 दिसंबर। अपनी मां पर पत्थर से हमला कर हत्या करने वाले आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना 20 दिसंबर की है, जब अवनीश त्रिपाठी उर्फ चिंटू (35) ने मामूली विवाद के बाद अपनी मां शशिप्रभा (65) की जान ले ली।
पुलिस के अनुसार, शशिप्रभा अपने घर के आंगन में खाना बना रही थी। इसी दौरान उसका छोटा बेटा अवनीश छत पर खड़ा होकर अपनी भतीजी को अपशब्द कह रहा था। जब मां ने उसे डांटा और मना किया, तो गुस्से में आकर उसने छत से पत्थर फेंककर उसकी सिर पर चोट पहुंचाई। गंभीर हालत में शशिप्रभा को तुरंत सीएचसी धानी ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
बड़े बेटे ने दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद मृतका के बड़े बेटे अम्बरीश ने थाने में तहरीर देकर अपने छोटे भाई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने इस पर मुकदमा संख्या 383/2024 के तहत धारा 105 बीएनएस में मामला दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक आतीश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। शनिवार सुबह मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने सिकंदराजीतपुर गांव से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

