कोठीभार थाने के पुलिसकर्मियों पर अभद्रता और वसूली का आरोप, महिला ने एसपी से की कार्रवाई की मांग
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 09 Jan, 2025
- 89
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 09 जनवरी। जनपद के थाना कोठीभार क्षेत्र के ग्राम कुइयां की निवासी सकीना (45), पत्नी आलमीन, ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के पास शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने पुलिसकर्मियों द्वारा घर में घुसकर गाली-गलौज, अभद्रता, अवैध वसूली और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, घटना 20 दिसंबर 2024 की रात करीब 8:30 बजे की है, जब स्थानीय थाने के एक कांस्टेबल मणिकांत पांडेय उसके घर आए और बिना कोई जानकारी दिए घर में घुस गए। सकीना का आरोप है कि कांस्टेबल ने गाली-गलौज करते हुए उनके बेटे का मोबाइल छीन लिया। अगले दिन, 21 दिसंबर की शाम करीब 5:30 बजे, चार पुलिसकर्मी दोबारा उनके घर पहुंचे। शिकायत में कहा गया है कि मणिकांत पांडेय ने दोबारा गाली-गलौज करते हुए घर की महिलाओं से अभद्रता की और उनके बेटे अब्दुल लतीफ (20) को कॉलर पकड़कर जबरन घर से बाहर ले गए।
सकीना का कहना है कि जब उसने पुलिसकर्मियों से इस कार्रवाई का कारण पूछा, तो उन्होने कोई जवाब नहीं दिया । इसके बाद मणिकांत पांडेय ने कथित रूप से उनके बेटे को छोड़ने के बदले 60 हजार रुपये की मांग की। सकीना ने दावा किया कि उसने किसी तरह 20 हजार रुपये नकद दिए और 10 हजार रुपये मणिकांत पांडेय के मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन भेजे।
महिला ने आरोप लगाया कि 30 हजार रुपये लेने के बाद ही उसके बेटे को रात 11:30 बजे छोड़ा गया। इसके साथ ही, मणिकांत पांडेय ने धमकी दी कि अगर इस मामले की शिकायत की गई, तो उनके परिवार के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कर उन्हें परेशान किया जाएगा।
इस घटना से सकीना और उसका परिवार डरा-सहमा हुआ है। उसने पुलिस अधीक्षक से संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने पुलिसकर्मियों की इस कथित कार्रवाई को निंदनीय बताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
कांस्टेबल मणिकान्त पाण्डेय ने महिला द्वारा लगाये गए सभी आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया और कहा कि पुलिस के ऊपर तो आरोप प्रत्यारोप लगते ही रहते हैं वहीं ऑनलाइन पेमेंट पर कहा कि क्या वह गूगल पे या फोन पे इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं ?

